कठुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनमें एक की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है, जबकि दूसरे का जीएमसी कठुआ में उपचार जारी है।
पहली घटना लखनपुर में पेश आई है, जहां एक अज्ञात वाहन और स्कूटी के बीच टक्कर हो गई। इस घटना में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन में जीएमसी कठुआ लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया है। घायल की पहचान 65 वर्षीय सराजदीन पुत्र लख्या निवासी धनोड़ लखनपुर के रूप में हुई है। एक अन्य हादसे में छन्न रोडियां के पास अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से 35 वर्षीय राहगीर बुरी तरह से घायल हो गया। उसे जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया है। घायल की पहचान राजेश सिंह पुत्र भगत सिंह निवासी बन्न, छन्न रोड़ियां के रूप में हुई है।