कठुआ। शहर के मुख्य बाजार में दुकानदारों ने दो महिलाओं को कथित चोरी के आरोप धर दबोचा है। बुधवार को महिलाओं को पुलिस के हवाले करते हुए दुकानदारों ने आरोप लगाया कि उक्त महिलाएं पहले भी कई बार दुकानों में इस तरह की चोरी की घटनाएं अंजाम दे चुकी हैं। जिहाजा उन्होंने इन पर कड़ी नजर बनाए रखी थी और उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया है। दुकानदारों ने इस मामले में पुलिस पर चोरी के इन मामलों में ठिलाई बरते जाने का आरोप लगाया है।
दुकानदार मोहिदंर सिंह ने बताया कि बाजार में पंसारी का काम करने वाले मनिया शाह की दुकान पर दोनों पकड़ी गई महिलाओं को उन्होंने तब दबोच लिया जब वह वहां पहले से आए एक बुजुर्ग ग्राहक के थैले में रखे पैसे को निकालने का प्रयास कर रही थी। उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि इससे पहले भी दुकानदारों ने इन महिला चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। लेकिन तक पुलिस ने इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नही की थी। आज भी जब दुकानदारों ने इन महिलाओं को पकड़ा तो शिकायत किए जाने के आधे घंटे बाद तक जब पुलिस नही आई है तो उन्होंने खुद दोनों महिलाओं को थाना में जाकर पुलिस के हवाले किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के कारण इस तरह की हरकत करने वाली महिलाओं के हौंसले बढ़े हैं। जो आए दिन बाजार में होने वाली भीड़ का लाभ उठाकर लोगों के पैसे और सामान उड़ा ले जाती है। उन्होंने पुलिस के आला अधिकारियों से पकड़ी गई महिलाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।