कठुआ। शहर से सटे जंगलोट गांव के रुद्र मैदान में जंंगलोट प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज हो गया है। वीरवार देर रात से शुरू हुई प्रतियोगिता का उद्घाटन डीसी राकेश मिन्हास ने किया। बरवाल एथलीट क्लब के सहयोगी जंगलोट एथलीट क्लब की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच बरवाल इलेवन और जंगलोट इलेवन के बीच खेला गया। इसमें जंगलोट इलेवन ने जीत अपने नाम की है।
देर रात तक चले इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जंगलोट इलेवन की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों की पारी में 116 रन बनाए, जबकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी बरवाल इलेवन की पूरी टीम मात्र 106 रनों पर सिमट गई। उसे 10 रन से हार का सामना करना पड़ा।
इस मौके पर डीसी कठुआ ने गांव स्तर पर इस तरह के खेल मुकाबले करवाए जाने पर आयोजकों की सराहना की। उन्होंने बरवाल एथलीट क्लब की ओर से कंडी क्षेत्र के गांवों में युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए हर गांव में युवाओं के क्लब बनाए जाने की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास हमारी युवा पीढ़ी को सामाजिक बुराइयों से बचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने गांव के सभी युवाओं को खेलों में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि मौजूदा परिदृश्य में खेल न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि इसमें कॅरियर बनाने की असीम संभावनाएं हैं। लिहाजा हमें बेहतर स्वास्थ्य पाने के साथ अपने भविष्य को भी बेहतर बनाने के लिए खेलों को अपनाना होगा।
इस मौके पर प्रतियोगिता की आयोजन कमेटी के अध्यक्ष विश्वजीत सिंह जसरोटिया ने बताया कि प्रतियोगिता के इस सातवें संस्करण को और रोचक बनाने के लिए इस बार पुरस्कार राशि को बढ़ाते हुए विजेता को 50 हजार और उपविजेता टीम के लिए 20 हजार तय कर दी गई है। अब से हर रात को मैदान में दस-इस ओवरों वाले तीन मुकाबले करवाए जाएंगे। आयोजन में विशेष सहयोग कर रहे बरवाल एथलीट क्लब के प्रधान रंजीत सिंह पठानिया ने बताया कि प्रतियोगिता के इस सातवें संस्करण में पड़ोसी राज्यों की टीमों को भी इसमें आमंत्रित किया गया है। इस मौके पर अंशू काटल, राणा जसरोटिया, मनीष डोगरा, पंकज सिंह और मुनीष शर्मा आदि मौजूद रहे।