कोरोना महामारी से बचाव के लिए देश के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान का शनिवार से आगाज होने जा रहा है। कठुआ जिले में पहले चरण का आगाज राजकीय मेडिकल कॉलेज से होगा। यहां पहले दिन सौ स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शुक्रवार को सीएचसी स्तर पर भी टीका पहुंचा दिया गया। रविवार से सीएचसी स्तर पर भी टीकाकरण शुरू हो जाएगा। सीएचसी और जीएमसी स्तर पर तैयार की गई टीमों में सुरक्षा के लिए प्रत्येक टीम में एक पुलिसकर्मी, शिक्षा विभाग से एक कर्मी, ग्रामीण विकास विभाग से एक कर्मी को शामिल किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक चौधरी ने बताया कि चिन्हित सौ स्वास्थ्य कर्मियों को मौखिक और टेलीफोनिक जानकारी दे दी गई है। शुरूआती स्तर में ऐप में कुछ दिक्कतें आ रही हैं, जिसमें हाल ही में मॉडीफाई किया गया है। उम्मीद है कि एसएमएस पहले सौ लोगों को हासिल हो जाएंगे।