बिलावर। उपजिले की लोअर बग्गन पंचायत के मोहल्ला गुर्जर बस्ती के लिए कटली सड़क से तीन किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण वर्ष 2008 में शुरू किया गया था, लेकिन आज तक इस काम को पूरा नहीं किया गया है। पंचायत प्रतिनिधि आलम दीन, बानो बेगम, गुलजार अहमद, बिशन सिंह और अन्य लोगों ने बताया कि 12 वर्ष बीत जाने के बाद भी सड़क का काम पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए काफी धन खर्च किया जा चुका है, लेकिन सड़क पर न ही पानी की निकासी का इंतजाम किया गया है और न ही पुलिया बनाई गई है। सड़क कच्ची होने के कारण बरसात के दिनों में नाले में तब्दील हो जाती है, जिस पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। लोगों ने बताया कि कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सड़क का काम पूरा करने के साथ तारकोल बिछाने के लिए कहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द गुर्जर बस्ती की तरफ जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया जाए और उस पर तारकोल बिछाई जाए। संवाद