कठुआ। कठुआ शहर की सुरक्षा व्यवस्था हाईटेक करने का काम शुरू कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने शहर के मुख्य चौक चौराहों पर सीसीटीवी से निगरानी की योजना बनाई है। इससे अपराधों पर अंकुश लगेगा।इसके लिए 20 सीसीटीवी मंगवाए गए हैं, जिनमें से 10 कैमरों को इंस्टाल कर दिया गया है। बाकी 10 कैमरों को अगले 10 दिन में लगाने की योजना है। उक्त कैमरों को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों में लगाया जा रहा है ताकि शहर के कोने-कोने को कवर किया जा सके।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शहर में बढ़ती चोरी और पशु तस्करी के मामलों को देखते हुए उक्त फैसला लिया गया है। लगाए जा रहे पीटीजेड (पैन, टिल्ट एंड जूम) मॉडल के इन कैमरों की पैनी नजर से अपराधी बच नहीं पाएंगे। रात में भी कलर विजन के तहत इसमें रिकॉर्डिंग होगी और अपने आसपास के क्षेत्रों का पांच किमी के एरिया पर इन कैमरों से निगरानी की जा सकेगी। उपायुक्त डॉ. राकेश मिन्हास का कहना है कि अगले 10 दिन में सभी कैमरे इंस्टाल कर दिए जाएंगे।
शहीदी चौक, मुखर्जी चौक सहित मुख्य चौक चौराहों पर बढ़ेगी निगरानी
जिला प्रशासन की ओर से अत्याधुनिक पीटीजेड कैमरे शहर के मुखर्जी चौक, शहीदी चौक, कॉलेज रोड, कालीबड़ी, हटली चौक, बस स्टैंड, मेन बाजार, कोर्ट रोड और नगरी अड्डे सहित कुल 10 स्थानों पर लगा दिए गए हैं। इन इलाकों में लगाए गए कैमरे अपने आसपास के चार से पांच किलोमीटर के एरिया में निगरानी कर सकेंगे। ऐसे में कोई हादसा या वारदात होती है तो अपराधी बच नहीं पाएंगे। अधिकारियों का दावा है कि उक्त कैमरा दो किमी दूर से दिन और रात वाहन की नंबर प्लेट कैप्चर करने में सक्षम हैं।
न बिजली का कनेक्शन, न इंटरनेट की आश्यकता
शहर में लगाए जाने वाले पीटीजेड सीसीटीवी कई शानदार फीचर से लैस हैं। ये सीसीटीवी सोलर ऊर्जा से चलते हैं, इसलिए इन्हें बिजली की आवश्यकता नहीं होती है। इतना ही नहीं, ये सीसीटीवी 4जी सिम को सपोर्ट करते हैं। इससे कैमरे की फुटेज ऑनलाइन देखी जा सकती है, इसलिए इसे पूरी तरह वायरलेस बनाया गया है। इसके अलावा यह कैमरा 360 डिग्री व्यू के साथ आता है। इसकी मदद से कैमरा अपने चारों तरफ की निगरानी कर पाएगा। यह कैमरा रात में भी कलर विजन में वीडियो रिकॉर्ड कर सकता है। इसे 10 एक्स तक जूम किया जा सकता है। इंटरनेट न होने की सूरत में भी कैमरे को लोकल आईपी से कनेक्ट किया जा सकता है। इसमें 64जीबी मेमोरी कार्ड सपोर्ट भी है। इसमें एक महीने की वीडियो रिकॉर्डिंग को सेव रखा जा सकता है।
-
-शहर में अपराधों की रोकथाम के लिए 20 पीटीजेड कैमरे मंगवाए गए हैं। 10 इंस्टाल कर दिए गए हैं। अन्यों को 10 दिन में इंस्टाल कर दिया जाएगा। उक्त कैमरा कई खूबियों से लैस हैं। दो किलोमीटर दूर तक की कार का नंबर तक पढ़ा जा सकता है। संभवत इससे अपराध पर रोक लगेगी और अपराधी सलाखों के पीछे भेजे जाएंगे।
-डॉ. राकेश मिन्हास, जिला उपायुक्त, कठुआ
शहर के मौजूदा हालातों को देखते हुए जिला प्रशासन का यह अहम कदम है। इन कैमरों की शहर को सख्त जरूरत थी। इस तरह के हाईटेक कैमरे अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में अहम रोल अदा करेंगे। इस पहल के लिए डीसी डॉ. राकेश मिन्हास बधाई के पात्र हैं। -रंजीव पठानिया, अध्यक्ष, बरवाल स्पोर्ट्स क्लब
-
शहर में चोरी की वारदातें काफी बढ़ चुकी हैं। ऐसे में ये कैमरे अपराधियों तक पहुंचने का आसान जरिया बन सकते हैं। जिला प्रशासन का यह प्रयास सराहनीय है। पूरा शहर कैमरों से लैस होगा तो चोरों को भी इसका भय रहेगा। वहीं, ऐसे हाईटेक कैमरों से अपराधियों तक पहुंचने में पुलिस को काफी आसानी होगी। -अनिल भारद्वाज, स्थानीय निवासी