पुलिस ने सोमवार को पानी के टैंकर में कैविटी बनाकर पशुओं की तस्करी के प्रयास को विफल बना दिया। इस दौरान उसमें ले जाए जा रहे नौ मवेशियों को मुक्त कराया। हालांकि इस बार भी तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए है। कठुआ थाना प्रभारी विजय शर्मा के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग के पास सक्ता चक के पास नाका लगाया हुआ था। इस दौरान पंजाब की ओर से आ रहे टैंकर (जेके02ऐडी-5569) को रुकने का इशारा किया। पुलिस का नाका देखकर टैंकर चालक नाके से पहले ही टैंकर को छोड़कर फरार हो गया। तस्करों ने टैंकर के पिछले हिस्से को काटकर दरवाजा बनाया था और उसके अंदर नौ मवेशी भरे थे।