कठुआ। शहर से सटे गांव खोख्याल में बंद पड़े मकान से हजारों रुपये की नगदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित परिवार से पूछताछ की और फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाने के साथ चोरों की तलाश शुरू कर दी है। रविवार को दिनदहाड़े हुई इस घटना के बारे में पीड़ित सन्नी कुमार ने बताया कि उनके रिश्तेदार की रिटायरमेंट पार्टी में शामिल होने के लिए परिवार के सदस्य वहां गए थे। घर में बड़े भाई थे, जो दिन के समय घर को ताला लगाकर नाई की दुकान में गए थे। वहां से करीब आधा घंटा बाद जब वह लौटे तो घर के गेट पर लगा ताला टूटा था। जबकि अंदर आने के बाद अलमारी टूटी हुई थी और उसका सामान भी बिखरा हुआ था। सेफ में रखे चालीस हजार रुपये और सोने के जेवरात गायब थे। लिहाजा उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल का मुआयना करते हुए यहां अलग-अलग स्थानों से फिंगर प्रिंट उठाए हैं। संवाद