कटड़ा। धर्मनगरी में दूसरे नवरात्र के उपलक्ष्य में कटड़ा में नवरात्र महोत्सव आयोजित किया गया। इस मौके पर शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। इसमें देवी देवताओं की झांकियां निकाली गईं।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और पर्यटन विभाग के सहयोग से सनातन धर्म सभा कटड़ा और प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की ओर से आयोजित शोभायात्रा में मां दुर्गा के साथ ही विभिन्न देवी देवताओं के साथ डुग्गर संस्कृति पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की गईं। शोभा यात्रा को देख स्थानीय निवासियों के साथ ही मां वैष्णो देवी के दर्शनों को आए हजारों श्रद्धालु भक्ति भाव में डूब गए। ढोल बाजे तथा बैंड बाजों के साथ निकली शोभा यात्रा में मां दुर्गा और ध्यानू भक्त की झांकी, ब्रह्मा विष्णु महेश की झांकी, अभिमन्यु की झांकी, राधा कृष्ण की झांकी, राम दरबार की झांकी, श्रवण कुमार की झांकी, महिषासुर मर्दिनी की झांकी, गणेश वंदना, महाकाली, बाहुबली हनुमान और डुग्गर संस्कृति पर आधारित संयुक्त परिवार की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। सनातन धर्म सभा कटड़ा के वरिष्ठ सदस्य अजय शर्मा, रतन शर्मा, राकेश शर्मा, अजय सिंह आदि ने बताया कि सनातन धर्म सभा की ओर से प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के सहयोग से नवरात्र के अंतिम दिन 11 अक्तूबर को भी भविष्य शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसको लेकर अभी से तैयारी शुरू कर दी गई हैं।