हीरानगर। वसंत पंचमी के शुभ अवसर पर रई में पंगोत्रा बिरादरी की वार्षिक मेल धूमधाम से मनाई गई। जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हिमाचल से पंगोत्रा ब्राह्मण बिरादरी के हजारों भक्त माता का आशीर्वाद लेने के लिए बिरादरी कुलदेवी मंदिर में पहुंचे।
कुलदेवी स्थान में सुबह छह बजे से ही भक्तों का आना शुरू हो गया। देर शाम तक श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिनमें पुरुष और महिलाओं को दर्शन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। इस दौरान भंडारे की व्यवस्था की गई थी। भंडारा सुबह 9 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक जारी रहा। पंजाब से आए श्रद्धालुओं ने मेला मैदान में हलवा और फलों के स्टॉल लगाए।