कठुआ। शहर की कृष्णा कॉलोनी श्री महाकालेश्वर शिवदुर्गा मंदिर में शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हो गया है। सात दिनों तक चलने वाली कथा से पूर्व आयोजन स्थल पर कलश स्थापना पूजन किया गया। इसके बाद कथा वाचक पंडित मनोहर लाल शास्त्री से संगत को शिव महापुराण कथा का महत्व बताया।
कथावाचक ने बताया कि सावन का पूरा महीना भगवान शिव को समर्पित बताया जाता है। सावन में भगवान शिव के निमित्त पूजा पाठ और व्रत आदि करने से विशेष लाभ की प्राप्ति होती है। लिहाजा सावन के महीने में सभी लोगों को अपने अपने घरों में शिव महापुराण का पाठ जरूर करवाना चाहिए। धार्मिक कथाओं के अनुसार सावन के महीने में शिव महापुराण की कथा का श्रवण करने से विशेष फल और लाभ की प्राप्ति होती है।
उन्होंने बताया कि जैसे भगवान विष्णु के निमित्त श्रीमद्भागवत कथा का महत्व होता है। उसी तरह शिव महापुराण की कथा सावन के महीने में कराने से विशेष लाभ की प्राप्ति होती है। भगवान शिव बड़े दयालु हैं, जो अपने भक्तों की बात जानकर ही उसे पूरा कर देते हैं। भगवान शिव के निमित्त शिव महापुराण कथा का पाठ करवाने से भगवान शिव की कृपा बनी रहती है और उनके जीवन में आने वाले सभी दुख खत्म हो जाते हैं।