लखनपुर। पवित्र अमरनाथ यात्रा इस वक्त अपने अंतिम पड़ाव में है। बाबा बर्फानी के भक्त उनके दर्शनों के लिए जम्मू कश्मीर का रुख कर रहे हैं।
लखनपुर में पहुंचने वाले यात्री प्रवेशद्वार से दाखिल होते ही महाराजा गुलाब सिंह की प्रतिमा को देख रहे हैं और फिर जिला प्रशासन की ओर से लखनपुर में स्थापित टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर में अपने दस्तावेज पूरे कर जम्मू की तरफ प्रस्थान कर रहे हैं। इसमें सोमवार को लखनपुर में 28, मंगलवार को 90, बुधवार को 31 और वीरवार को 71 यात्री अपना आरएफआईडी टैग लेकर यात्रा को जारी रखे हुए हैं। हरियाणा के करनाल से पहली बार भोले बाबा के दर्शन करने पहुंचे दीपक, अक्षित, सौरव व अखिल ने बताया कि वे सभी पहली बार बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए पहुंचे हैं। हालांकि किसी कारणवश वे पहले नहीं आ सके लेकिन अब उन्हें भोले बाबा का बुलावा आया और वे प्रदेश में पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि उनके कुछ साथी पहले ही बाबा के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रशासन की तरफ से इस बार जो प्रबंध यात्रियों के लिए किए गए थे, वे बहुत ही अच्छे थे और उन्हें खुशी है कि यह यात्रा सुखद और मंगलमय रही। वहीं उन्होंने यह भी बताया कि वे बाबा बर्फानी के दर्शनों के बाद बुड्ढा अमरनाथ और फिर वैष्णो देवी के दर्शन करेंगे। वहीं एक अन्य परिवार ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के बाद वैष्णो माता के दर्शन करेंगे।