फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kathua News: बजट से महंगाई और बेरोजगारी खत्म करने की आस लगाए हैं कठुआ वासी

विज्ञापन
विज्ञापन
कठुआ। मोदी सरकार का अंतरिम बजट आज पेश होने जा रहा है। नए बजट में कठुआ वासियों ने महंगाई कम होने और बेरोजगारी पर लगाम लगने की आस लगाई है। वहीं, अध्यापक वर्ग टैक्स स्लैब बढ़ाने की मांग कर रहा है।
विज्ञापन

लोगों का कहना है कि सरकार इस बजट में ऐसा प्रावधान करे कि महंगाई कम हो और रोजगार के अवसर पैदा हो सकें। उन्होंने तर्क दिया कि देश की अधिकतर आबादी गरीब और मध्यमवर्गीय हैं। महंगाई पर लगाम और बेरोजगारी कम होने का प्रावधान होगा तो ही यह बजट देशवासियों के हित में होगा। लोगों की यह भी मांग है कि इस बजट को चुनावी बजट न बनाया जाए। राजनीति से हटकर देश के विकास को ध्यान में रखकर बजट को पेश किया जाए।
टैक्स स्लैब बढ़ाया जाए, महंगाई पर हो नियंत्रण
शिक्षिका सुनीता वर्मा का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए टैक्स स्लैब बढ़ाया जाना चाहिए। सरकारी कर्मचारियों की कमाई का बड़ा हिस्सा आयकर में ही निकल जाता है। टैक्सों के मकड़जाल में ऐसे फंसाया गया है कि जितना देती है, उससे ज्यादा वापस ले लेती है। लिहाजा घरों का बजट बिगड़ रहा है। इसके अलावा, सरकार को इस बजट में महंगाई पर नियंत्रित करने की जरूरत है। महंगाई से हर वर्ग प्रभावित है।
विज्ञापन

जन वितरण प्रणाली को विस्तार देने की जरूरत
स्थानीय दुकानदार सुनील कुमार का कहना है कि महंगाई आम आदमी के लिए कमर तोड़ देने वाली है। सरकार हर बार बजट पेश करती है तो किसी न किसी चीज के दाम में कटौती भी करती है। लेकिन, अन्य चीजों के दामों में होने वाली बढ़ोतरी महंगाई को बढ़ा देती है। अगर सरकार वाकई लोगों को राहत देना चाहती है तो उसे जन वितरण प्रणाली को विस्तार देने की जरूरत है। सरकारी डिपो पर केवल राशन ही नहीं, दैनिक उपयोग की वस्तुओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि दैनिक उपयोग की वस्तुएं नियंत्रित रेट में लोगों को मिल सके।

बहुसंख्यक वर्ग को ध्यान में रखकर बनाया जाए बजट
व्यापारी शशि शर्मा ने कहा कि मौजूदा समय में बेरोजगारी और महंगाई बड़ी समस्या है। इससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित है। सरकार अपना बजट पेश कर रही है तो देश के इस बहुसंख्यक वर्ग को ध्यान में रखकर ही बजट बनाया जाना चाहिए क्योंकि मौजूदा समय में इन्हें राहत की तुरंत जरूरत है।
जनहितैषी ही होगा अंतरिम बजट
कठुआ के व्यवसायी मनजीत सिंह जसरोटिया का कहना है कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि सरकार का यह बजट आमजन की उम्मीदों पर खरा उतरेगा। जिस तरह सरकार लगातार हर वर्ग के लिए योजनाएं ला रही है। इसी तरह यह बजट भी जनहितैषी साबित होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें