कठुआ/हीरानगर। श्री अमरनाथ यात्रा के बीच प्रशासन की सख्ती को धोखा देने का प्रयास एक वाहन चालक को महंगा साबित हुआ है। पंजाब के बटाला से बिना पंजीकरण आई एक बस को आरटीओ कठुआ ने जब्त कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विभाग की ओर से दस्तावेजी जांच में लखनपुर में रोके जाने के बाद वापस लौटने का बहाना बताकर चालक ने यात्रा रिसेप्शन सेंटर से होते हुए एक बार फिर बस को जम्मू की ओर दौड़ा दिया। जानकारी लगते ही आरटीओ कठुआ ने कालीबड़ी तक वाहन का पीछा किया लेकिन चालक नहीं रुका। इसके बाद हीरानगर के चडवाल में यातायात विभाग की टीम को अलर्ट कर वाहन को रोका गया। वापस लखनपुर लाया गया और फिलहाल जब्त कर लिया गया है। उधर, वाहन में बैठे यात्रियाें को श्री माता वैष्णो देवी दर्शनों के लिए दूसरे वाहन में बैठाकर भेज दिया गया है।
आरटीओ कठुआ केवल कृष्ण ने बताया कि रूटीन में जांच की जा रही है। ओवरलोडिंग या फिर दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया में सोमवार को एक बस को बिना पंजीकरण के पाया गया। इसके बाद उसे हिदायत दी गई कि प्रदेश में दाखिल नहीं होने दिया जाएगा। लिहाजा वाहन को वापस ले जाए लेकिन उसने विभाग के निर्देशों की अवहेलना करते हुए चकमा देने का प्रयास किया। यातायात पुलिस को यह वाहन रोकने के निर्देश दिए गए। इसके बाद इसे जब्त कर लिया गया है। विभाग ने इसमें सवार 22 श्री माता वैष्णो देवी यात्रियों को एक अन्य वाहन से यात्रा पर रवाना कर दिया है।