रामकोट के सर और सबल क्षेत्र में महीनों से नेटवर्क प्रभावित होने से लोगों के मोबाइल शोपीस बनकर रह गए हैं। लोगों का कहना है कि मोबाइल में नेटवर्क नहीं होने से बातचीत संभव नहीं हो पाती। ग्रामीणों की मानें तो बेस ट्रांसीवर स्टेशन (बीटीएस) टावर के लिए लगा जेनरेटर खराब है। ऐसे में जब तक बिजली रहती है नेटवर्क रहता है लेकिन जैसे ही बिजली कटती है बीटीएस काम करना बंद कर देता है। रामकोट के पूर्व सरपंच प्रदीप सिंह ने बताया कि कई बार इस संबंध में संबंधित कंपनी से शिकायत की गई लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। आम लोग तो इससे परेशान हैं ही नेटवर्क की समस्या से बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई भी बाधित हो रही है। पूर्व सरपंच ने बताया कि बुधवार को गांव के सागर सिंह, अजय ठाकुर, सुषमा देवी सहित कई लोगों ने इसकी शिकायत उनसे की। उन्होंने मामले में कंपनी सहित प्रशासनिक अफसरों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है।