बिलावर। नगर कमेटी के वार्ड 7 में जम्मू कश्मीर बैंक की शाखा के पास लगाई गई स्ट्रीट लाइट को नगर कमेटी ने तीन महीने बाद ठीक करवा दिया। स्थानीय निवासी महेंद्र कुमार, पुरुषोत्तम, श्याम कुमार और पंकज ने बताया कि पिछले तीन महीनों से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट के कारण लोगों को रात के समय अंधेरे में आना जाना पड़ता था जिससे लोग परेशान होते थे। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट के ठीक होने के बाद अब हर दिन इस मुख्य चौक से गुजरने वाले राहगीरों को राहत मिलेगी। कार्यकारी अधिकारी वीरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि कस्बे में लगाई गई ज्यादातर स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवा दिया है। उन्होंने कहा कि नगर कमेटी के अलग-अलग 13 वार्डों में अगर कोई लाइट खराब पड़ी है तो वह इसकी जानकारी नगर कमेटी के कार्यालय में दे सकते हैं। संवाद