फिंतर चौक पर शहीद हुए चार साहिब जादो को याद करते हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता। स्रोत जागरूक पाठक
बिलावर। फिंतर चौक पर रविवार शाम को हिंदू संगठनों ने शहीद हुए चार साहिबजादों को श्रद्धांजलि देकर उन्हें याद किया। शाम 6 बजे फिंतर चौक पर आयोजित कार्यक्रम में कई लोगों ने हिस्सा लिया। शहीदों के चित्र के पास दीप जलाकर और पुष्प अर्पित कर साहिबजादों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह के चार पुत्रों अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह को धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए याद किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि साहिबजादों ने मुगल शासक वजीर खान के सामने धर्म परिवर्तन न करने पर मौत की सजा को स्वीकार किया। उन्होंने सिख धर्म और सिद्धांतों के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए जो आज भी लाखों लोगों को प्रेरित करते हैं। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के पहाड़ी जिला प्रधान गोपाल कृष्ण, राष्ट्र स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी करण सिंह, संजीत शर्मा, नीतीश शर्मा, सक्षम रैना, नितिन व कई लोग मौजूद रहे।