कुलदेवी का आशीर्वाद लेते भड़वाल बिरादरी के लोग। संवाद
- फोटो : kathua
बिलावर। उपमंडल के भड्डू गांव में स्थित सती माता कुलदेव स्थान पर सोमवार को भड़वाल राजपूत बिरादरी की वार्षिक मेल का आयोजन हुआ। वार्षिक मेल में बड़ी संख्या में बिरादरी के सदस्यों ने भाग लेकर कुलदेवी का आशीर्वाद प्राप्त किया। सोमवार सुबह सबसे पहले कुलदेवी को विधिवत तरीके से स्नान करवाने के बाद नए वस्त्र और आभूषण पहनाए गए। भजन संकीर्तन के साथ-साथ हवन करवाया गया। श्रद्धालुओं को कुलदेवी के दर्शन के लिए घंटों कतार में लगकर इंतजार करना पड़ा। दोपहर एक बजे पूर्ण आहुति डाली गई। इसके बाद सबसे पहले कुलदेवी को भोग लगाया गया और फिर भंडारा लगाया गया। बिरादरी के प्रधान प्रेम सिंह भड़वाल ने बताया कि हर वर्ष भड़वाल राजपूत बिरादरी की वार्षिक मेल का आयोजन 14 अप्रैल को सती माता के मंदिर में किया जाता है। उन्होंने बताया कि वार्षिक मेल में स्थानीय इलाके के साथ-साथ अन्य कई राज्यों से बिरादरी के सदस्य पहुंचकर कुलदेवी का आशीर्वाद लेते हैं। दोपहर 2 बजे से शुरू हुआ भंडारा देर शाम तक जारी रहा। संवाद