बारिश से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा और किसानों को पर्याप्त खाद न मिलने पर किसानों ने चक हंदा में प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
किसान नेता लक्की कुमार ने कहा करीब डेढ़ महीने पहले भारी बारिश से फसलों को काफी नुकसान हुआ। किसानों की पूरी उम्मीदें टूट गई। धान की तैयार फसल पर रेत की चादर बिछ गई। ऐसे में किसानों को उम्मीद थी कि सरकार उनके दर्द को समझेगी और सहायता के लिए आगे आएगी। लेकिन अफसोस की बात है कि अभी तक किसानों को मुआवजा नहीं मिला है। यह नुकसान मात्र सर्वे में सिमिट कर रह गया है।
उन्होंने कहा एक तरफ किसान कुदरत की मार झेल रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ उन्हें पर्याप्त खाद न मिलने से भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन इसे लेकर न तो संबंधित विभाग गंभीर है और न ही प्रशासन और सरकार। उन्होंने कहा किसानों के साथ सरकार का ऐसा ही रवैया रहा तो मजबूरन किसानों को एकजुट होकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलना पड़ेगा। प्रदर्शन में अमृतपाल, सुरजीत कुमार, राजकुमार, रवि कुमार आदि भी शामिल रहे।