जम्मू-पठानकोट नेश्नल हाईवे पर टायर फूंकते प्रदर्शनकारी। संवाद
- फोटो : kathua
हीरानगर। हीरानगर उपमंडल के लोगों में पहलगाम आतंकी हमले का भारी गुस्सा देखने को मिला। दिनभर उपमंडल के सभी बाजार पूरी तरह से बंद रहे। लोगों ने पाकिस्तान का पुतला जलाकर प्रदर्शन और केंद्र सरकार से पाकिस्तान पर बड़ी कार्रवाई की मांग की। चड़वाल में हाईवे पर लोगों ने पाकिस्तान का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्याम सुंदर ने कहा कि पहलगाम में आतंकियों के हमले की जितनी निंदा की जाए कम है। प्रदर्शन में शामिल युवा कांग्रेसी नेता रोमी शर्मा ने कहा पिछले कई वर्षों से केंद्र सरकार कश्मीर में माहौल पूरी तरह से शांत होने के दावे कर रही है। लेकिन यहां के माहौल की वास्तविकता जगजाहिर हो गई है। युवा भाजपा नेता अजय भारती ने कहा कि आने वाले समय में यह घटनाएं कठुआ जिले में भी देखने को मिल सकती हैं। वहीं, हीरानगर में भी कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया। रमेश कुंडल ने कहा कि केंद्र सरकार आतंकवाद को रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। वहीं, सांझी मोड़, दयाला चक, मढ़ीन आदि इलाकों में भी लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। संवाद