लोगों का आरोप-कई बार कर चुके शिकायत, लेकिन नहीं हो रही सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बनी। बनी और आसपास के क्षेत्र में दो महीने से बिजली की आंखमिचौली जारी है। शुक्रवार को बिजली कटौती से त्रस्त दर्जनों परिवारों और दो दर्जन से अधिक कारोबारियों ने अस्पताल के पास चौक पर विरोध प्रदर्शन किया।
स्थानीय लोगों सचिन सूरी, हंस राज और रमजी बेगम का कहना है कि बिजली कभी आती है, तो कभी चली जाती है। इससे फ्रिज, वॉशिंग मशीन और इनवर्टर खराब हो रहे हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारी तिलक राज को सड़क पर रोककर विरोध जताया। लोगों का आरोप है कि वे कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी।
आज जब अधिकारी वहां से गुजर रहे थे तो उन्हें बीच सड़क पर ही घेर लिया। काफी मशक्कत के बाद अधिकारी तिलक राज ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर बिजली की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। इसके बाद ही लोग शांत हुए और जाम को हटाया गया।