-लखनपुर से कूटा तक परिवहन विभाग लगवा रहा साइनेज, रिफ्लेक्टर और रेडियम टेप
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। घने कोहरे के कारण डायवर्जनों पर फॉग लाइट, रिफ्लेक्टर और ब्लिंकर्स न होने के कारण हादसों की आंशका को लेकर अमर उजाला में प्रकाशित खबर का ट्रैफिक पुलिस विभाग ने संज्ञान लिया है। शुक्रवार को प्रकाशित खबर के बाद विभाग की ओर लखनपुर के कूटा तक के डायवर्जनों पर रिफ्लेक्टर लगाए।
साथ ही कई स्थानों पर साइनेज और रेडियम टेप लगाई जा रही है। ताकि, धुंध के कारण होने वाले हादसों को रोका जा सके। बता दें कि अमर उजाला ने इस अव्यवस्था को लेकर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। इसमें बताया था कि दिन-रात 10 से 11 घंटे धुंध से लिपटे लखनपुर से लेकर कूटा तक के 43.6 किमी. लंबे नेशनल हाईवे पर 12 डायवर्जन हैं। मगर, इन डायवर्जनों पर फॉग लाइट, रिफ्लेटर और ब्लिंकर्स का कोई इंतजाम नहीं है। इसके चलते धुंध में हादसों की आशंका है। इसके बाद विभाग ने डायवर्जनों पर रिफ्लेक्टर लगाने का काम शुरु किया।
कोहरे से वाहन चालकों को परेशानी तो आ रही है। लेकिन, विभाग चालकों की सहायता व मार्गदर्शन के लिए लगातार कार्यरत है। विभाग के कर्मचारी दिन-रात मुख्य चौक चौराहों पर तैनात हैं। इसके अलावा जम्मू-पठानकोट हाईवे पर मुख्य जगह रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं और कई जगह टेपिंग भी की जा रही है।
विक्रम कुमार, डीटीआई कठुआ