कठुआ। नशीली दवाओं की तस्करी मामले में कठुआ पुलिस की ओर से पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट ने पांच दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है। उधर, मामले में आरोपी के नाम पुलिस की ओर से गलत बताए जाने के मामले में एसएसपी कठुआ रमेश चंद्र कोतवाल ने साफ किया है कि आरोपी की ओर से प्राथमिक जांच के दौरान बताए गए नाम ही जारी किए गए थे। जिसके बाद आरोपी की सही पहचान उसके आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्रों के आधार पर की जाती है। उन्होंने कहा कि पुलिस की आरोपियों की पहचान छुपाने की किसी भी तरह की मंशा नहीं है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने इस बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है और मुख्य आरोपियों को भी बक्शा नहीं जाएगा। कहा कि मामले में जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है, जिसमें डीएसपी सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया जाएगा।