कठुआ। शहर से करीब 10 किमी दूर हमीरपुर गांव की निवासी एक 11 वर्षीय लड़की की मंगलवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। लड़की अपने चाचा के साथ बाइक पर कोचिंग जा रहा थी। कालीबड़ी के नजदीक बाइक एक ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे पीछे की सीट पर बैठी लड़की को ट्रक ने कुचल दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक 11 वर्षीय गजल सैनिक स्कूल में दाखिले के लिए जी तोड़ मेहनत कर रही थी। दिव्यांग माता पिता के लिए गजल बड़े बेटे से कम नहीं थी। घर का सारा काम संभालने के साथ वह पढ़ाई में भी अव्वल थी। पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली गजल मंगलवार को कोचिंग के लिए अपने चाचा के साथ रोजाना की तरह निकली। कालीबड़ी के नजदीक सुबह करीब सवा नौ बजे एक ट्रक की चपेट में आकर वह बाइक से गिरी और ट्रक के पहिये ने मासूम को कुचल दिया। हादसे में उसके चाचा बाल-बाल बच गए।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दुर्घटनास्थल पर गजल के चाचा विलाप कर रहे थे, और उसकी शिक्षण सामग्री सड़क पर बिखरी पड़ी थी। ऐसा मंजर देखकर घटनास्थल पर कोई भी अपने आंसू रोक नहीं पाया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। गांव के सरपंच वरिंद्र शर्मा ने बताया कि पूरा गांव शोक में है। गजल के पिता प्रोफेसर हैं, जबकि मां शिक्षिका हैं। गजल का छोटा भाई पहली कक्षा में पढ़ता था। गजल पढ़ने में जितनी होशियार थी, उतनी ही शालीनता से घर के कामकाज को भी जिम्मेदारी के साथ संभालती थी। उसकी मौत से परिवार तो टूटा ही, गांव के लोग भी दुखी हैं।
कालीबड़ी में कुचले जाने से हुई बच्ची की मौत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस- फोटो : KATHUA