-हटली पुलिस चौकी क्षेत्र के खरोट मोड़ के पास हादसा, कार चालक फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के हटली पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत खरोट मोड़ के पास रविवर रात एक अज्ञात कार ने मोटरसाइकिल सवार दंपती व तीन महीने के बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों से मिली सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जीएमसी में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार रविवार शाम करीब 6 बजे खरोट मोड़ के पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात कार चालक ने मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी व बच्चे को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने संबंधित पुलिस चौकी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल मोटरसाइकिल सवारों को जीएमसी कठुआ में उपचार के लिए पहुंचाया। वहीं, मोटरसाइकिल चालक पुनीत कुमार ने बताया कि जब वह अपने परिवार के साथ पठानकोट की तरफ जा रहा था तो अचानक एक कार पीछे से आई और उनको टक्कर मारकर फरार हो गया। पुलिस ने उनको अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया।
घायल पुनीत कुमार ने बताया कि कार की टक्कर में उसकी पत्नी मधु वाला के बाएं हाथ में गंभीर चोट आई हैं। जबकि तीन महीने का बच्चा मामूली घायल है। उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों को देर रात अस्पताल से छुट्टी दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शरू कर दी है।