डिग्री कालेज कठुआ में बुधवार को हुए छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी के मयंक भगोत्रा ने अपने विरोधी और स्वतंत्र उम्मीदवार अंकुश मेहता को तीन मतों से हरा दिया है। कालेज के प्रशासनिक ब्लाक में हुए चुनाव में मयंक को 32, जबकि अंकुश को 29 मत मिले। अब मयंक कालेज छात्रसंघ के नए चीफ सीआर होंगे।
बुधवार को सुबह से ही कालेज में सीआर का आना शुरू हो गया था। कालेज के प्रशासनिक ब्लाक में मतदान का इंतजाम किया गया था। दो बजे चुनाव शुरू हुए तो सबसे पहले कालेज प्रिंसिपल ने सभी सीआर को बधाई दी और फिर उनमें से चीफ सीआर के लिए उम्मीदवारों को नामिनेट किया गया।
मयंक और अंकुश के समर्थकों ने दोनों का नाम चुनाव आयुक्त पीके राव को सौंपा। इसके बाद पीके राव ने सभी सीआर के समक्ष निष्पक्ष मतदान करने की शपथ पढ़ी और चुनाव के नियम भी बताए।
करीब आधा घंटा चली इस प्रक्रिया के बाद चुनाव शुरू हुए और दो घंटों के बाद सभी के मतदान करने के बाद दोनों उम्मीदवारों के एजेंटों के सामने मतों की गिनती की गई। जिसमें मयंक ने अंकुश को तीन मतों से मात दे दी। मयंक केे चीफ सीआर बनते ही समर्थकों ने उन्हें कंधों पर उठा लिया और जमकर नृत्य किया।
मयंक के चुनाव जीतने पर विजय रैली निकाली गई। मयंक ने कहा कि कमेटी के साथ बैठक की जाएगी और सभी को जिम्मेदारियां भी सौंपी जाएंगी।