कठुआ/बनी। बागवानी की बंपर फसल को बदमिजाज मौसम की नजर लग गई है। जिले की बनी तहसील में बंपर फसल की उम्मीद लगाए किसानों को बीते दिन आए तूफान और बारिश ने मायूस कर दिया। रविवार की रात और सोमवार की सुबह बसोहली और बनी के अधिकांश इलाकों में ओलावृष्टि, तेज तूफान से सेब, नाशपती और आलू बुखारा की फसलें चौपट होने के आसार बन गए हैं। बागवानी विभाग ने नुकसान का सरसरी अनुमान पंद्रह फीसदी बताया है, लेकिन किसानों की नजर में नुकसान का पैमाना खासा अधिक है। बनी के जोड़ें, बांजल, लोआंग, बरमोता, डग्गर, दुलंगल, कोटी चंडियार व अन्य इलाकों में तेज तूफान ने खासा नुकसान पहुंचाया है। बागवानी और कृषि दोनों प्रभावित हुए हैं। लोआंग से अब्दुल मजीद, दुलंगल से चेतराम शर्मा, डग्गर से देसराज, बरमोता से अकबर, बांजल से अजीत कुमार ने बताया कि फल की फसलाें से मुनाफे की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन मौसम ने सारी उम्मीदों पर पानी फेरकर रख दिया है। कोटी चंडियार को सेब की सबसे ज्यादा उपज के लिए जाना जाता है, लेकिन मौसम की मार से यह इलाका भी प्रभावित हो गया। आलू बुखारा व अन्य फलों के फूल झड़ गए हैं, जबकि पेड़ों को भी नुकसान हुआ है। किसानों ने मुआवजे की मांग उठानी शुरू कर दी है।