बसोहली। रोशनी के त्योहार दीपावली को लेकर दुकानें दुल्हन की तरह सजाई गई हैं। खरीददारी के लिए लोगों की भीड़ भी बाजारों में खूब उमड़ रही है। रंग-बिरंगे सजावटी सामान, विभिन्न प्रकार के दीये तथा रोशनी का सामान इन विशेष आकर्षण के केंद्र बने हुए हैं। दीपावली पर जमकर आतिशबाजी करने के लिहाज से बच्चों ने सोमवार को पटाखों की मनचाही खरीददारी की। घर आने वाले मेहमानों की मेहमाननवाजी में कोई कमी नहीं आए, इसके लिए लोगों ने मिठाइयों की दुकानों पर भी जमकर खरीददारी की। इन सबसे अलग प्रशासन के लाख कोशिशों के बावजूद रामलीला मैदान से इतर दुकानों पर भी पटाखों की बिक्री हो रही है।