कठुआ। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों की जांच को लेकर लोगों में जागरूकता लाने का प्रयास जारी है। वीरवार को लगातार तीसरे दिन मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब ने जिला में डेरा डाले रखा। वीरवार को बीस खाद्य सैंपलों की जांच की है। शहीदी चौक में लगाई गई टेस्टिंग लैब में ताजे जूस के तीन सैंपल, पैक जूस, दूध, दही, पनीर, सरसों तेल और मसालों के सैंपल भी मौके पर ही जांचे गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के जिला अधिकारी पंकज सोनी ने बताया कि दूध के सैंपल में तीस फीसदी पानी पाया गया। बाकी सभी सैंपल पास रहे हैं। उन्होंने कहा कि दूध के सैंपल जहां से उठाए गए थे, वहां शुक्रवार को कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह लैब लोगों को लिए काफी फायदेमंद है, चूंकि जहां पहले भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट आने में कई कई दिन लग जाते थे वहीं अब उसी दिन सैंपल रिपोर्ट हासिल हो रही है। लोग भी यहां अपने खुद आकर बाजार से लिए गए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि कि शुक्रवार को भी मोबाइल टेस्टिंग लैब कठुआ में ही रहेगी।