हीरानगर। सांझी मोड़ में अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई के दौरान टूटे खोखा मालिकों ने सोमवार को धरना शुरू किया जो रविवार को सातवें दिन भी जारी रहा। धरना कारी अपनी मांग पर अड़े रहे कहा जब तक काम करने के लिए जगह नहीं मिलती धरना जारी रहेगा। धरने का नेतृत्व कर रहे राज सिंह ने कहा हमारा धरना शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। तब तक जारी रहेगा जब तक मांग नहीं मानी जाती। अफसोस की बात है कि इतने दिन गुजरने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई सकरात्मक संदेश नहीं आया। प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा हम जनप्रतिनिधियों से भी मिल चुके हैं। उनकी तरफ से भी कोई पॉजिटिव रिस्पांस नहीं आया है। अगर इसी तरह से हमारी मांग को अनसुना किया गया तो मजबूरन अपनी आवाज बुलंद करने के लिए हमें कुछ अलग करना पड़ेगा। हमें नहीं मालूम था कि प्रशासन और राजनीतिज्ञ मिलकर आम लोगों को तबाह करते हैं।हमारी लड़ाई इनके खिलाफ शुरू हुई है तो जब तक हमें रोजगार के लिए जमीन नहीं मिलती लड़ाई जारी रहेगी। ब्यूरो