समथिंग फॉर ह्यूमैनिटी के नरेंद्र पाल को सम्मानित करते मंत्री सतीश शर्मा। संवाद
कठुआ। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 23 लोगों को गणतंत्र दिवस पर आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। इसमें सेवानिवृत सूबेदार केवल कृष्ण को शहर के शिवा नगर में अग्निकांड के दौरान उनकी बहादुरी और साहस के लिए सम्मानित किया गया।
बता दें कि इस हादसे में छह लोगों की जान चली गई थी जबकि तीन को सुरक्षित बचाया गया था। छात्रा दिव्यांशी बक्शी को राष्ट्रीय स्तर की वाद-विवाद प्रतियोगिता में लगातार तीन साल स्वर्ण पदक जीतने के लिए, नरेंद्र पाल सिंह को आवारा पशुओं की देखभाल में अभूतपूर्व योगदान के लिए और हीरानगर की पूजा देवी को पहला मोटा अनाज रेस्टोरेंट चलाने के लिए सम्मानित किया गया।
इसके अलावा सात खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय और प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए, दो प्रगतिशील किसानों को, दो महिलाओं को स्वयं सहायता समूह के तहत सेवाएं देने अलावा सामाजिक कार्यकर्ता, कवि, एनजीओ और अन्य को बेहतर काम करने के लिए सम्मान दिया गया। संवाद