- जिले में लगातार मिल रहे डेंगू के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में डेंगू के मरीजों के बढ़ने का क्रम लगातार जारी है। निरंतर बढ़ रहे इन मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा रखी है। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार जिले में डेंगूू के 12 नए मामलों के आने के साथ अब कुल मरीजों का आंकडा 358 हो गया है।
विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कठुआ शहर के कालीबड़ी में एक 31 और एक 25 वर्षीय युवा, वार्ड 10 में 27 वर्षीय महिला और 75 वर्षीय बुजुर्ग, वार्ड 13 में 29 वर्षीय महिला सहित ओल्ड बस स्टैंड मोहल्ले में 24 वर्षीय युवक डेंगू पाॅजिटिव पाया गया है। इसके अलावा अमाला गांव में सात वर्षीय बालक, व्यक्ति, जंगलोट में 25 वर्षीय युवक व 35 वर्षीय महिला, नगरी कस्बे में 45 वर्षीय व्यक्ति, लोगेट मोड़ में 27 वर्षीय युवक और बरवाल में 55 वर्षीय महिला डेंगू से ग्रसित मिली है।
जिला मलेरिया अधिकारी सोहन लाल ने बताया कि डेंगू के मामलों से निपटने के लिए विभाग के प्रयास भी लगातार जारी हैं। अब तक मिले सभी 358 मरीजों में 278 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। लिहाजा मौजूदा समय में जिले में 80 डेंगू के सक्रिय केस मौजूद हैं। इन मरीजों का उपचार स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में जारी है। इनमें पांच मरीजों को इलाज के लिए जीएमसी कठुआ में भर्ती किया गया है, जबकि एक अन्य का उपचार जीएमसी जम्मू (शालामार) व एक का कठुआ के निजी अस्पताल में किया जा रहा है।