कठुआ। कठुआ औद्योगिक क्षेत्र में लग रहे ग्राइंडिंग यूनिट के खिलाफ हटली मोड़ के स्थानीय लोगों को शिष्टमंडल वीरवार को डीसी कठुआ से मिलने पहुंचा। स्थानीय निवासी राजेश मेहता की अध्यक्षता में मिले लोगों ने बताया कि क्षेत्र में रिहायशी इलाके से सटकर ग्राइंडिंग यूनिट का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यूनिट से आसपास के लोगों को आपत्ति है चूंकि इससे आने वाले दिनों में प्रदूषण की समस्या और भी गहराएगी। उन्होंने बताया कि बीतें दिनों प्रशासन की ओर से काम बंद करवाया गया था जिसे फिर से शुरू करवा दिया गया है। वहीं उन्होंने इकाई का काम बंद करवाने को लेकर अतिरिक्त जिला उपायुक्त की ओर से जारी आदेश भी दिखाया। दूसरी ओर इकाई प्रबंधकों ने बताया कि हाई कोर्ट ने एक मई को जारी हुए आदेश पर फिलहाल रोक लगाई है।