कठुआ। दीपावली से एक दिन पूर्व और त्योहारी सीजन पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अपनी दबिश जारी रखी। मंगलवार को दीपावली की पूर्व संध्या पर विभिन्न इलाकों में जाकर टीम में छापेमारी की और इस दौरान मिलावटखोरों को सबक सिखाया। टीम ने हटली मोड़ से मिलावटी मिठाई के दो सैंपल भरे। इसके साथ ही करीब 90 किलो मिठाई नष्ट कर दी। मुख्य बाजार में भी छापेमारी करते हुए टीम ने 3 सैंपल भरे, जिसमें पनीर साथ मिल्क केक और बर्फी शामिल थी। करीब 20 किलो मिलावटी मिठाई मौके पर ही नष्ट कर दी गई। एक दुकानदार को दुकान में सफाई न रखने के लिए चालान भी किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी चिरंजीव और विभाग के डेजिग्नेटिड अफसर पंकज सोनी ने मंगलवार को टीम का नेतृत्व किया। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार की छापेमारी जारी रखी जाएगी। जब तक त्योहारी सीजन संपन्न नहीं होगा, तब तक इस प्रकार मिलावटखोरों को सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन के साथ ही उन्होंने छापेमारी का सिलसिला शुरू कर दिया था और अब तक कई क्विंटल मिठाई नष्ट की जा चुकी है।