रामबन। रामबन जिले के चब्बा विमोत में एक युवक ने कुल्हाड़ी से काटकर अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया। जघन्य अपराध करने के बाद हत्यारा बेटा फरार है।
जानकारी के मुताबिक चब्बा विमोत निवासी बुजुर्ग अब्दुल मजीद के घर में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को यह विवाद फिर गहराने लगा। अब्दुल मजीद (70) की अपने बेटे नजीर अहमद (30) के साथ तीखी बहस शुरू हो गई। बहसबाजी इतनी बढ़ गई कि तैश में आकर नजीर ने कुल्हाड़ी उठाई और अपने पिता पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। लगातार कई वार से लहूलुहान होकर अब्दुल मजीद गिर गया। परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों ने उसे उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। उसकी नाजुक हालत को देखकर प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉक्टरों ने जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। सोमवार को इलाज के दौरान उसने आखिर दम तोड़ ही दिया। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर उस कुल्हाड़ी को कब्जे में लिया, जिससे नजीर ने अपने बुजुर्ग पिता पर प्रहार किया। फिलहाल हत्यारोपी युवक फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।