रविवार दोपहर को माड़ी नाला के साथ सटे जंगल में आग लग गई। आग कैसे लगी इसके बारे में कुछ पता नहीं चल पाया। बहरहाल, आग लगने के बाद काफी सारी वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। बताया जाता है कि रविवार दोपहर को कुछ लोगों द्वारा माड़ी नाला की ऊपरी पहाड़ी के जंगल में से धुआं निकलते हुए देखा। बाद में वहां से आग की लपटें निकलने लगीं।
आग लगने के बाद कुछ लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग बुझाने का कुछ प्रयास किया लेकिन इसी बीच तेज हवा चलने से आग ने और भयंकर रूप ले लिया। इससे तेजी के साथ आग जंगल में फैलने लगी। उसने बड़े इलाके को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। ऊपरी क्षेत्र होने के कारण आग को बुझाने के लिए पर्याप्त सामान भी नहीं था। बाद में आग लगने की सूचना वन विभाग को दी गई। इसके बाद शाम को वन विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची और उसने आग बुझाने का काम शुरू किया।