कठुआ। फारेस्ट डिवीजन की लखनपुर चेक पोस्ट पर तैनात कर्मचारियों ने खैर की लकड़ी की तस्करी का प्रयास विफल कर दिया। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि लखनपुर चेक पोस्ट पर एक ट्रैक्टर-ट्राली को जांच के लिए रोका। पहले तो ऐसा लगा कि ट्राली में रेत लदी हुई है लेकिन गहन जांच करने पर रेत के नीचे खैर की लकड़ी प्राप्त हुई। इसको रेत से ढका गया था। इसके बाद विभागीय टीम ने ट्रैक्टर ट्राली सहित 50 क्विंटल खैर की लकड़ी को जप्त कर लिया। इसी दौरान टीम ने ट्रैक्टर ट्राली को रास्ता दिखाने वाले एक गाइड को भी दबोचा। पूछताछ के दौरान पता चला कि गाइड ही ट्रैक्टर ट्राली का मालिक है। उसने बरवाल गांव में किसी जगह से यह लकड़ी काटी थी। डीएफओ ने इस संबंध में एक टीम का गठन कर लिया है। वाहन को जप्त कर चालक सैफ अली दीन पुत्र आलम दीन निवासी जराई को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के बाद आरोपी को टीम ने आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया है।