अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। उपमुख्यमंत्री एवं बिजली मंत्री डा. निर्मल सिंह, वित्त मंत्री हसीब द्राबु से मिले आश्वासन के बाद जम्मू व कश्मीर इलेक्ट्रिक इंजीनियरिंग ग्रेजुएट एसोसिएशन (जेकेईईजीए) ने 28 अगस्त की अपनी राज्य व्यापी टोकन हड़ताल को टाल दिया है। एसोसिएशन के महासचिव नीरज शर्मा का कहना है कि सरकार की तरफ से बिजली विभाग के इंजीनियरों की विभिन्न स्तरों पर अनिवार्य कैरियर प्रगति (एसीपी) और इंजीनियरों को पदों को नियमित करने सहित अन्य मसलों का हल करने के लिए ठोस आश्वासन दिया है। ऐसे में 28 अगस्त की प्रस्तावित टोकन हड़ताल को जनता को होने वाली असुविधा को देखते हुए टाल दिया गया है। हालांकि अगर नौ सितंबर तक मसलों का हल न हुआ तो एसोसिएशन की गाइडेंस काउंसिल की बैठक बुलाकर अगली रणनीति का ऐलान किया जाएगा। सनद रहे कि जेकेईईजीए के झंडे तले 28 अगस्त को सुबह दस बजे से एक बजे तक राज्य व्यापी बिजली कटौती की घोषणा की गई थी। इसके बाद इंजीनियरों व सरकार के मध्य बातचीत का दौर शुरू हुआ और मंत्रियों से आश्वासन मिलने के बाद इंजीनियरों ने हड़ताल से अपने हाथ पीछे खींच लिए।