श्रीनगर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री चौधरी जुल्फाकार अली ने वीरवार को बेमिना में मापतौल विभाग (एलएमडी) के कार्यालय में एक आनलाइन वेब पोर्टल ‘ई विंडो’ शुरू कराया। एलएमडी कंट्रोलर विपरा बहल ने बताया कि इस वेबसाइट का प्रमुख लाभ यह है कि इससे उपभोक्ताओं के समय की बचत होगी। उपभोक्ता बिना किसी भागदौड़ के अपने घरों या कार्यालयों में एलएमडी की सेवाओं को लाभ उठा सकते हैं। मंत्री को बताया गया कि इस वेबसाइट से विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी। बहल ने बताया कि अब डीलरों, उत्पादकों को विभिन्न प्रकार के फार्म लेने के लिए कार्यालय में नहीं आना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि विभाग वेबसाइट के विकल्प पर एक ‘आनलाइन पेमेंट गेटवे’ शामिल करने की योजना बना रही है। इस मौके पर एफसीएसएंडसी निदेशक निसार अहमद वानी, एलएमडी कश्मीर के ज्वाइंट कंट्रोलर अमर सिंह, एलएमडी जम्मू के ज्वाइंट कंट्रोलर वीएस संब्याल आदि मौजूद रहे।