अमर उजाला ब्यूरो
राजोरी। राजोरी से पुंछ की ओर जा रही एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से कार में सवार दो युवक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक कार जेके11बी-1437 में सवार थे। पुंछ-राजोरी रोड स्थित बीजी क्षेत्र में एक तीव्र मोड़ में चालक अपना संतुलन खो बैठा व कार सड़क से करीब 40 फुट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। सेना के जवानों ने बचाव व राहत कार्य कर दोनों युवकों को सेना के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल राजोरी रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार कर रहे डॉक्टर के अनुसार घायल युवक जाकिर हुसेन पुत्र शेर मोहम्मद और मोहम्मद इकबाल पुत्र मोहम्मद अकबर का उपचार जारी है व हालत स्थिर बनी हुई है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।