जम्मू। पेट्रोलियम डीलरों की बुधवार को होने वाली हड़ताल टल गई है। पेट्रोलियम पदार्थों की दिन में कई बार बदलती कीमतों के विरोध में उन्होंने आल इंडिया पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर हड़ताल पर जाने का फैसला किया था। जम्मू-कश्मीर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के मुताबिक आयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) के इस मामले को रिव्यू करने और कमीशन की मांग मान लेने के भरोसे के बाद हड़ताल टालने पर फैसला हुआ। जम्मू-कश्मीर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन (जेकेपीडीए) के अध्यक्ष अनन शर्मा ने बताया कि आयल कंपनियों ने डीलरों को एक अगस्त से कमीशन देने की मांग मानी है। साथ ही कई बार बदलती कीमतों की वजह से डीलरों को होने वाले नुकसान की भरपाई करने का भी भरोसा दिलाया है। इस संबंध में 15 जुलाई को एक रिव्यू बैठक भी होने जा रही है। इसलिए हड़ताल को टाला गया है। अगर एक अगस्त तक दोनों ही मांगों पर कोई कदम न उठाया गया तो उसके बाद हड़ताल की जाएगी।