अमर उजाला ब्यूरो
आरएस पुरा।
पिछले कई दिनो से कस्बे के बाजार में बिजली की अघोषित कटौती किऐ जाने पर लोग सुचारु रूप से बिजली की आपूर्ति किए जाने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में नरेश गुप्ता, प्रेम चौधरी, विजय कुमार, गिरधारी लाल, सागर शर्मा का कहना है कि बाजार में केवल तार लगाए जाने के साथ बिजली विभाग द्वारा नए मीटर लगाए गए। लोगों को सुचारु रूप से बिजली की आपूर्ति नहीं की जा रही है। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग द्वारा नई केबल तार डालने के उपरांत 24 घंटो तक बिजली की आपूर्ति किए जाने के लिए कहा जाता रहा। हालत यह है कि पहले की तरह ही अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। लोगों का कहना है कि गांव सुंदरपुर के ग्रिड स्टेशन में लगे पुराने ट्रांसफार्मर के स्थान पर नया दस एमबीए का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जाता। तब तक कस्बे मेें बिजली की आपूर्ति नहीं होगी। सदर बाजार आरएस पुरा के उपप्रधान सन्नी महाजन का कहना है कि सरकार को चाहिए कि बिजली के जर्जर ढांचे को बेहतर बनाया जाए। उन्हाेंने कहा कि हालत यह है कि बिजली विभाग के पास जरूरत के मुताबिक लाईन मैन तक नहीं हैँ। इन दिनों पड़ रही गर्मी में बिजली लाईन में कोई फाल्ट आ जाने पर कई घंटो तक इसे ठीक नहीं किया जाता। जिसके चलते लोगों को बिजली की आपूर्ति नहीं हो पाती। ट्रेड यूनियन आरएस पुरा तहसील प्रधान मनदेव सिंह का कहना है कि जब तक आरएस पुरा कस्बे में नया ग्रिड स्टेशन नहीं बनाया जाता। लोगों को बिजली समस्या से जूझना पड़ेगा। बिजली के जर्जर ढांचे में सुधर किया जाए ताकि लोगों को सुचारु रूप से बिजली की आपूर्ति हो सके।