अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू।
अखनूर के ऐतिहासिक जियो पोता घाट पर शनिवार को महाराजा गुलाब सिंह का राज तिलक दिवस एवं जम्मू कश्मीर राज्य का 196वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर एमएलसी विक्रमादित्य सिंह ने कहा जम्मू कश्मीर राज्य शिक्षा के स्कूली पाठ्यक्रम में डोगरा शासकों के गौरवशाली शासनकाल को शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा इस संबंध में उन्होंने शिक्षा मंत्री को फरवरी 2017 में पत्र भी लिखा था। उन्होंने विधान परिषद में पारित हुए महाराजा हरि सिंह की जयंती पर राजपत्रित अवकाश के प्रस्ताव पर अमलीजामा पहनाए जाने की मांग भी की। वहीं जम्मू में अवैध रूप से बसे बांगलादेशी और रोहिंग्या मामले को हल करने पर भी जोर दिया। इस मौके पर सांसद डा. कर्ण सिंह के पौत्र मार्तंड सिंह ने भी महाराजा गुलाब सिंह और महाराजा रंजीत सिंह को भाव भीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर वन मंत्री चौधरी लाल सिंह, पूर्व मंत्री शाम लाल शर्मा, जेएंडके बार एसोसिएशन के प्रधान बी एस सलाथिया, अखनूर के विधायक राजीव शर्मा, डोगरा सदर सभा के प्रधान गुलचैन सिंह चाढ़क और जी एस जंवाल आदि भी मौजूद रहे।