सांबा। जिले के सीमावर्ती गांव चक दुलमा में पाक रेंजराें की ओर से बीएसएपफ जवान को शहीद किए जाने के उपरांत दोनों ओर से भारी हथियारों से गोलाबारी होने से सीमावर्ती ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों को परिजनों की चिंता बनी हुई है। उधर जिला प्रशासन की ओर से भी अधिकारियों को सतर्क रखा गया है।ग्रामीणों के अनुसार बुधवार शाम को अचानक ही पाक रेंजराें की ओर से चक दुल्मा क्षेत्र में गोलाबारी शुरू कर दी। जिसके जवाब में बीएसएफ के जवानों ने भी पाक रेंजराें को मुंहतोड़ जवाब दिया। बाद में पाक रेंजराें की ओर से मोर्टार के गोले दागे गए। जिसके जवाब में बीएसएफ जवानों ने भी मोर्टार के गोले दाग कर जवाब दिया। सीमांत ग्रामीण घरों में दुबके रहे। कहीं से किसी के नुकसान की अभी सूचना नहीं मिली है। समाचार लिखे जाने तक गोलाबारी जारी रही, जिसमें मोर्टार के गोले भी दागे जा रहे थे। ब्यूरो