कई दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में राजस्थान में बीती रात्रि राहत की बारिश हुई। रविवार दोपहर से ही आसमान में छाए बादल प्रदेश के विभिन्न जिलों में देर रात्रि तक बरस पड़े। राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में रविवार देर शाम प्रारंभ हुआ हल्की बारिश का दौर देर रात्रि तक जारी रहा। मई माह में सावन का अहसास कराती बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। मौसम में आए बदलाव के बाद जयपुर सहित कई जिलों के तापमान में 8—10 डिग्री की गिरावट देखने को मिली। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जयपुर का अधिकतम तापमान रविवार रात्रि को करीब 30 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि शनिवार को जयपुर का तापमान करीब 40 डिग्री था। जयपुर के अतिरिक्त अलवर, दौसा, अजमेर सहित अन्य कई जिलों के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।