नगर निगम जयपुर की ओर से मंगलवार और बुधवार को तीज एवं सिंजारा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन में मंगलवार को पौंड्रिक उद्यान में शाम को लहरिया फैशन शो का आयोजन किया जाएगा। महापौर डॉ. अशोक लाहोटी ने बताया कि मंगलवार 25 जुलाई को पौंड्रिक पार्क में सायं 5 से 7 बजे तक फ्री मेकअप, फ्री नेल आर्ट और मेहंदी लगाने के लिए खास प्वॉइंट बनाए जाएंगे। यहां हर कोई अपना मेकअप, नेल आर्ट और मेहंदी लगवा सकता है।
उपमहापौर मनोज भारद्वाज ने बताया कि कार्यक्रम में झूले प्वॉइंट, सेल्फी प्वाइंट, गेम्स और क्विज विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। झूले प्वॉइंट पर जाकर आप झूलों का आनंद ले सकते हैं और सेल्फी प्वॉइंट पर शानदार सेल्फी ली जा सकती है। गेम्स और क्विज के विजेताओं को मौके पर ही पुरस्कृत किया जाएगा।
इसी तरह 26 जुलाई को तालकटोरा की पाल पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राजस्थानी कला और संस्कृति जीवंत हो उठेगी। इन कार्यक्रमों में राजस्थानी नृत्य घूमर, कालबेलिया, चरी नृत्य, अग्नि नृत्य और राजस्थानी गीत धरती धोरां री विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इस दौरान तालकटोरा पर खास शैडो लाइटिंग से तालकटोरा का पानी और दीवारें चमक उठेंगी। तालकटोरा में नगर निगम जयपुर द्वारा विशेष रूप से नैकलेस डिजाइन में स्थाई लाइटिंग तैयार की गई है, जो मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी।
25 जुलाई को होने वाले फैशन शो में गेस्ट अपीयरेंस के रूप में थपकी प्यार की फेम जिज्ञासा, नारायण नारायण फेम दिपाली, बड़े अच्छे लगते हैं फेम आकांक्षा जुनेजा, थपकी प्यार की फेम गौरव आ रहे हैं। वहीं 26 जुलाई को होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में गेस्ट अपीयरेंस के रूप में गायक अनूप जलोटा, कलाकार सीमा कपूर, कशिश और बृजेंद्र काला आएंगे।
कार्यक्रम के दौरान तालकटोरा में नावें चलेंगी, जिन पर कलाकार राजस्थानी लोकनृत्य करते नजर आएंगी। नावों को विशेष रूप से सजाया जाएगा।