जयपुर के बाद राजस्थान में पहली बार संभाग स्तर पर कोटा में आयोजित होने जा रहे ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट की तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। इसी माह की 24 तारीख से प्रारंभ होने जा रहे ग्राम के कई आकर्षण यहां आने वाले लोगों को पसंद आएंगें। जिसमें प्रमुख होगा राजस्थानी धुन पर इठलाती तीन हजार से अधिक कठपुतलियां। राजस्थानी संस्कृति को ध्यान में रखते हुए ग्राम में इस प्रकार के विशेष आयोजन होंगे। गौरतलब है कि कोटा में आयोजित हो रहे ग्राम में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में किसान पहुंचेंगे। साथ ही इस कार्यक्रम मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शिरकत करेंगी। ग्राम का आयोजन आरएसी ग्राउंड पर किया जा रहा है। ग्राम के बेहतरीन बनाने के लिए ग्राउंड में छह हजार से अधिक विभिन्न नस्लों के पौधे लगाए है। इसके अतिरिक्त आयोजन में विशेष आकर्षण युवराज भैंसा भी होगा। मुर्रा नस्ल की युवराज की कीमत करीब नौ करोड़ रुपए है। पिछले वर्ष जयपुर में आयोजित ग्राम में भी यह भैंसा किसानों के लिए आकर्षण का केन्द्र था।