प्रदेश में गर्मी का पारा चढ़ने लगा है। अप्रेल के मध्य में ही गर्मी मई का अहसास कराने लगी हैं। एक ओर जहां प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री को पार कर गया है वहीं दूसरी ओर गर्म हवा भी लोगों को परेशान करने लगी है। बृहस्पतिवार को बाड़मेर में तो अधिकतम तापमान 45 डिग्री को भी पार कर गया। बाड़मेर में जहां तापमान 45.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया वहीं फलौदी में 45.3 व जैसलमेर में अधिकतम तापमान 45.0 डिग्री रहा। जबकि बीकानेर, जोधपुर व चूरु में तापमाान 44 डिग्री के आसपास रहा। वहीं गर्मी की तीव्रता के चलते प्रदेश के कई जिलों में पानी की समस्या भी सामने आने लगी है। पानी की सप्लाई प्रभावित होने के कारण प्रदेश में बृहस्पतिवार को भी कई स्थानों पर प्रदर्शन हुए।