शादी के दो दिन बाद ही घर में मातम छा गया। नई बहू के स्वागत में मांगलिक गीतों की बजाय क्रंदन हो रहा है।
राजस्थान के पोकरण इलाके के नानणियाई गांव में हृदय विदारक घटना गांव के आसूराम पुत्र तुलसीराम सुथार के घर घटी। आसूराम के पुत्र ललित की 6 फरवरी को भैसड़ा निवासी दीपाराम की पुत्री खुशबू के साथ शादी हुई थी। मंगलवार रात सात जन्मों तक साथ निभाने के वादे करने के बाद ललित अपनी पत्नी को बुधवार को नानणियाई लेकर आया। घर में खुशी का माहौल चल रहा था चारों तरफ बधाइयां बंट रही थी। इसी बीच ललित की अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे सर्दी, जुखाम व बुखार ने ऐसा जकड़ा कि दो दिन बाद मौत उसे अपने साथ ले गई।