किसान नेता राकेश टिकैत की गाड़ियों के काफिले पर शुक्रवार को राजस्थान के अलवर जिले में कुछ लोगों ने कथित रूप से पत्थर फेंके। घटना में किसी को चोट तो नहीं लगी लेकिन टिकैत की कार का पिछला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस 'हमले' की निंदा करते हुए कहा है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बहरोड़ के ततारपुर चौराहे पर हुई। उन्होंने बताया कि मामले में एक छात्र नेता सहित चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। भारतीय किसान यूनियन का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोग भाजपा से संबद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े हैं। यूनियन का आरोप है कि हमले के पीछे भाजपा है।
टिकैत ने शुक्रवार को अलवर में दो किसान रैलियों को संबोधित किया। भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक राम मूर्ति जोशी ने बताया कि जिस वाहन पर हमला हुआ था उसमें टिकैत नहीं थे। कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि मत्स्य विश्वविद्यालय अलवर के छात्र नेता कुलदीप राव ने अपने समर्थकों के साथ वहां से निकले टिकैत के काफिले को काले झंडे दिखाए।
उन्होंने कहा, ‘काफिले के कुछ वाहन वहां रुक गए और उनमें सवार सदस्यों की इस मुद्दे को लेकर झंडे दिखा रहे लोगों से बहस हुई। इस बीच उनमें से किसी ने एक कार का शीशा संभवत: किसी पत्थर से तोड़ दिया।’ पुलिस अधीक्षक के अनुसार इस घटना के संबंध में मुख्य आरोपी छात्र नेता कुलदीप राव सहित चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।
टिकैत के साथ चल रहे भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजाराम मील ने कहा कि आरोपी लगभग 40-50 की संख्या में थे और उनके पास लाठियां थीं। उन्होंने कहा, ‘हम हरसोली में पहली बैठक को संबोधित करने के बाद बानसूर की ओर जा रही थे तो तातारपुर के पास यह घटना हुई।’ घटना के बाद टिकैत ने दूसरी सभा को संबोधित किया।
गाजियाबाद में भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता ने भी इस कथित हमले के लिए एबीवीपी को दोषी ठहराया। बीकेयू के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने गाजियाबाद में कहा, 'एबीवीपी के कुछ कार्यकर्ताओं ने राकेश टिकैत पर हमला किया और उनके वाहन के पिछले शीशे को क्षतिग्रस्त कर दिया।'
वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, 'अलवर में भाकियू नेता राकेश टिकैत के काफिले पर भाजपा के लोगों का हमला निंदनीय है, दोषियों पर कार्रवाई होगी।' गहलोत के अनुसार,' भाजपा किसान आंदोलन की शुरुआत से ही किसानों के हक में संघर्ष करने वालों के प्रति अनर्गल बयानबाजी, अलोकतांत्रिक बर्ताव कर रही है जो शर्मनाक है।'
हमले के विरोध में यूपी बॉर्डर पर किसान भड़के, लगाया जाम
अलवर में टिकैत की गाड़ी पर हुए हमले के विरोध में दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना को लेकर किसान लगातार नारेबाजी करने लगे। यूपी गेट पर किसानों ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे की लेन को बंद कर जाम लगा दिया। वहीं हापुड़ के भी आक्रोशित किसानों ने ततारपुर के निकट एनएच-9 को जाम कर दिया। ऐसे में स्थिति को संभालने के लिए भारी संख्या में पुलिस मौके पर भेजा गया। उधर, माकपा के पूर्व विधायक अमरा राम ने भी आरोप लगाया है कि भाजपा के इशारे पर एबीवीपी के सदस्यों ने हमला किया।